कंडीसौड़ (टिहरी)। कंडीसौड़ स्थित शिव मंदिर का दानपात्र तोड़कर चोर नगदी उड़ा ले गए। मंदिर समिति के अध्यक्ष पुलम सिंह गुसाईं ने दानपात्र से नगदी चोरी होने पर राजस्व पुलिस चौकी कंडीसौड़ में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अध्यक्ष ने बताया कि शिवालय में दानपात्र रखा हुआ था। जिसे हर वर्ष महाशिव रात्रि के दिन खोला जाता है। प्रत्येक वर्ष दानपात्र से 10 से 15 हजार रुपये की धनराशि मंदिर समिति को प्राप्त होती है। रविवार शाम को जब मंदिर समिति के जुड़े लोग मंदिर में साफ-सफाई करने पहुंचे तो वहां रखे दानपात्र का ताला टूटा हुआ मिला। श्रद्धालुओं की ओर से दानपात्र में डाली गई धनराशि चोर उड़ा ले गए है। ब्यूरो