नई टिहरी। शहर में लंबे समय से चली आ रही इंटर नेशनल स्तर के स्कूल खोलने की मांग जल्द पूरी होने वाली है। टीएचडीसी हाइड्रो पावर अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान की माउंट लिट्रा जी ग्रुप से स्कूल खोलने की सहमति बनी गई है। अब संस्थान सरकार से मैनेजमेंट बोर्ड बनाने की स्वीकृति देने की तैयारी में जुट गया है। इसके बाद वर्ष 2020 से कक्षाएं शुरू की जाएगी।
मास्टर प्लान से बने शहर में नर्सरी से लेकर इंटरमीडिएट के छात्रों को बेहतरीन शिक्षा देने के लिए इंटर नेशनल स्तर के स्कूल खोलने की मांग चल रही थी। टीएचडीसी हाइड्रो पावर अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान की माउंट लिट्रा जी ग्रुप के साथ नर्सरी से लेकर इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं संचालन के लिए सहमति बन गई है। संस्थान ने दोनों शैक्षणिक संस्थानों से गहन वार्ता के बाद शनिवार को माउंट लिट्रा जी से स्कूल खोलने की ऑनलाइन सहमति हो चुकी है। अब स्कूल खोलने के लिए सिक्यूरिटी जमा करने, पाठ्यक्रम, फीस स्टेक्चर, जमीन से लेकर मैनेजमेंट बोर्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। स्कूल खोलने के लिए हाइड्रो इंजीनियरिंग संस्थान ने तीन एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई है। स्कूल में सीबीएसई पैटर्न पर शिक्षा दी जाएगी। जनवरी 2020 से स्कूल में प्रवेश शुरू होंगे। जब तक स्कूल का भवन तैयार नहीं हो जाता, तब हाइड्रो इंजीनियरिंग के खाली भवनों में कक्षाएं संचालित होगी। इंजीनियरिंग संस्थान के निदेशक प्रो. जीएस तोमर ने बताया कि माउंट लिट्रा जी के साथ स्कूल खोलने की सहमति बन गई है। जल्द ही मैनेजमेंट बोर्ड बनाकर सरकार से अनुमति ली जाएगी। इसके बाद स्कूल शुरू करने की प्रक्रिया की जाएगी।