चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध 28 बीएड कॉलेजों में अध्ययनरत 2500 छात्र-छात्राओं का इंतजार अब खत्म हो गया है। पांच माह इंतजार के बाद विवि प्रशासन ने सत्र 2017-19 में बीएड प्रथम वर्ष का परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। 19 फरवरी से बीएड प्रथम वर्ष की परीक्षाएं शुरू होगी। छात्र-छात्राएं आठ फरवरी से कॉलेजों से प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
विवि से संबद्ध 28 बीएड कॉलेजों के छात्र-छात्राएं परीक्षा कार्यक्रम के इंतजार में बीते अगस्त से घर बैठे हुए थे। अगस्त में 180 दिन का शैक्षणिक सत्र पूरा हो चुका था, लेकिन विवि प्रशासन के अधिकारी छात्र-छात्राओं को परीक्षा आयोजन के संबंध में कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे थे। सत्र 2017-19 में छात्र-छात्राओं ने बीएड में प्रवेश लिया था, लेकिन प्रथम वर्ष की परीक्षा न होने से छात्र-छात्राएं हताश और निराश थे। गढ़वाल विवि सत्र 2017-19 बीएड प्रथम वर्ष की परीक्षा आयोजित कर परीक्षा परिणाम भी घोषित कर चुका है। ऐसी स्थिति में श्रीदेव सुमन विवि का सत्र पिछड़ता जा रहा था। अब जाकर विवि ने बीएड प्रथम वर्ष का परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया है। विवि के सहायक परीक्षा नियंत्रक डा. हेमंत बिष्ट ने बताया कि 19 फरवरी से परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा फार्म जांच का कार्य पूरा हो चुका है। 8 फरवरी से कॉलेजों में प्रवेश पत्रों का वितरण शुरू हो जाएगा।