चंबा (टिहरी)। लोनिवि की लापरवाही से लंबे समय से तीन किमी लंबी मैधार सड़क की कटिंग का काम अधूरा पड़ा है। वहीं चार साल से सड़क कटिंग की जद में आए खेतों का मुआवजा नहीं मिलने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण और मुआवजा नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गजा तहसील का मैधार गांव अभी तक सड़क से नहीं जुड़ पाया है। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को दो से तीन किमी खड़ी चढ़ाई नापने को मजबूर है। ग्रामीणों के लंबे आंदोलन के बाद चार साल पूर्व लोनिवि ने गजा-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर कंडारी गांव गदेरे से मैधार गांव के लिए डेढ़ किमी सड़क की कटिंग की। मगर इसके बाद विभाग ने आगे का काम बंद कर दिया और कटिंग में लिए गए खेतों का मुआवजा देना भी भूल गया। ग्रामीण अनिल असवाल, प्रह्लाद असवाल, अमित, मणि सिंह ने बताया कि खेतों के जरिए उनकी आजीविका चलती थी। मगर न तो गांव तक सड़क पहुंची और न ही अभी तक खेतों का ही मुआवजा मिल पाया है। उन्होंने शीघ्र मुआवजा राशि देेने और गांव तक सड़क पहुंचाने की मांग की है। इस बाबत लोनिवि के ईई मो. आरिफ खान का कहना है कि मामले की रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। धनराशि मिलते ही मुआवजा दिया जाएगा।