नई टिहरी। देहरादून के इंवेस्टर समिट का असर पर दिखने लगा है। धनोल्टी में अप्रवासी भारतीयों ने हॉर्टिकल्चर में हाथ आजमाने की इच्छा जताई है।
शुक्रवार को अप्रवासी भारतीय और अमेरिका में उद्यान व कृषि क्षेत्र में कार्य कर रहे आशीष वर्मा ने धनोल्टी के राजकीय आलू प्रजनन परिक्षेत्र और राजकीय उद्यान धनोल्टी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि धनोल्टी बेहद खूबसूरत स्थान है। यहां पर सेब, कीवी, अमरूद जैसे फल आसानी से हो सकते हैं। कहा कि वह अमेरिकन सेब की यहां पर नर्सरी तैयार कर बागवानी करना चाहते हैं। जिला उद्यान अधिकारी डा. डीके तिवारी ने बताया कि भारी बर्फबारी के बीच एनआरआई वर्मा ने धनोल्टी का निरीक्षण का निवेश की इच्छा जताई है। बताया कि वर्मा ने उत्तराखंड में उद्यान और कृषि के क्षेत्र में इंवेस्टर समिट में निवेश की इच्छा जताई थी। इसी कड़ी में निरीक्षण किया है। इसके अलावा वह उत्तरकाशी के हर्षिल क्षेत्र, चमोली के जोशीमठ, देहरादून के चकराता समेत कुमायूं मंडल का दौरा कर अंतिम निर्णय लेेंगे।