नई टिहरी। जिले के दूरस्थ इंटर कालेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को करियर काउंसिलिंग के लिए जिला सेवायोजन विभाग ने पहल की है। 25 दूरस्थ इंटर कालेजों में एक्सपर्ट काउंसलरों की ओर से छात्र-छात्राओं को जरूरी टिप्स दिए जाएंगे।
जिला सेवा योजन कार्यालय में यूं तो लाखों बेरोजगार नौकरी के लिए रजिस्ट्रेशन करवाते हैं, लेकिन सरकारी नौकरी नहीं मिल पाती है। शहरी क्षेत्रों के छात्रों के बजाए ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति ज्यादा खराब है। इसका प्रमुख कारण शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ संबंधित छात्र की दक्षता का सही मूल्यांकन न होना है। इसे दृष्टिगत रखते हुए सेवा योजन विभाग ने जिले के 25 दूरस्थ इंटर कालेजों में छात्र-छात्राओं के मार्ग दर्शन के लिए करियर काउंसिलिंग करवाने का अभियान शुरू किया है। जिला सेवायोजन अधिकारी विक्रम ने बताया कि टिहरी जिले में पॉयलेट प्रोजेक्ट के तौर पर अभियान शुरू किया है। जीआईसी पुजारगांव, रगड़गांव, गलियाखेत, मुखेम, आछरीकुंड, कठूड-हिंदाव, पावकीदेवी, कोट विशन, खरसाड़ी, गौमुख, सेमंडीधार, बांडा, क्यारी, श्रीकोट, काटल, थापला-ओण, घंडियाल, नागराजाधार-चिलेड़ी, धोपड़धार, विनकखाल, भट्टगांव, मुन्नाखाल, मंदार, कोपड़धार और बंगियाल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को एक्सपर्ट काउंसलरों की मदद से जानकारी दी जा रही है।