नई टिहरी। छमुंड गांव के लोगों की सड़क निर्माण की मुराद जल्द ही साकार होने की उम्मीद जग गई है। प्रदेश सरकार ने बौराड़ी-छमुंड सड़क निर्माण के लिए हरी झंडी दे दी है। सड़क निर्माण होने से छमुंड गांव में निवासरत 35 परिवारों को जिला मुख्यालय से नई टिहरी तक पैदल दूरी नहीं नापनी पड़ेगी।
जिला मुख्यालय नई टिहरी के सबसे निकटवर्ती छमुंड गांव के लोग अब तक सड़क से वंचित थे। गांव से सड़क तक पहुंचने के लिए उन्हें एक किमी की खड़ी चढ़ाई पार करनी पड़ती है। गांव में निवासरत 35 परिवार वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। प्रदेश सरकार ने बौराड़ी से छमुंड तक 800 मीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति दे दी है। लोनिवि के ईई केएस नेगी ने बताया कि बौराड़ी-छमुंड सड़क निर्माण के लिए 62 लाख की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। ईई ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर आगामी मार्च से बौराड़ी-छमुंड सड़क का निर्माण शुरू किया जाएगा। इसी वर्ष दिसंबर तक सड़क निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।