घनसाली (टिहरी)। नगर पंचायत चमियाला की बोर्ड बैठक में नगर को स्वच्छ एवं सुंदर, पथ प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने और कूड़े निस्तारण को कंपैक्टर मशीन क्रय करने समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
बुधवार को नगर पंचायत चमियाला की अध्यक्ष ममता पंवार की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में पंचायत की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि जल्द नगर में भूमि का चयन कर दुकानों का निर्माण किया जाए। नगर पंचायत अध्यक्ष पंवार ने कहा कि चमियाला नवसृजित शहर है और इसके बेहतर बनाने के लिए नियोजित विकास व शहरवासियों के निरंतर सहयोग मिलना जरूरी है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र पंवार ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए सभासदों से सुझाव मांगे। इस मौके पर सभासद ताजवीर रावत, शिवेंद्र रतूड़ी, कौशल्या देवी, मीरा देवी, अरविंद खत्री आदि मौजूद थे।