नरेंद्रनगर (टिहरी)। आगराखाल की तरफ जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। जिससे कार में सवार कार चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। पुलिस-प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। तीनों को खतरे से बाहर बताया गया है।
तहसीलदार डीएस भंडारी और एसआई केएस चौहान ने बताया कि मंगलवार को कार सवार नरेंद्रनगर से आगराखाल जा रहे थे। करीब दो बजे दुआधार से आगे कुकथर के पास कार अनियंत्रित होकर सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना का पता चलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। पुलिस-प्रशासन ने लोगों की मदद से घायलों को खाई से सड़क तक पहुुंचाया। तब तक कार चालक जयलाल (45) पुत्र विस्सू निवासी आगर और सुरेशचंद रमोला (45) पुत्र प्रेम सिंह निवासी करमोली की मौत हो गई। घायल युद्ववीर सिंह (58) पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्राम भिंगार्की, बुद्धि सिंह (52) पुत्र शेर सिंह निवासी आगर और चतर सिंह (50) पुत्र सुंदर सिंह निवासी ग्राम भिंगार्की को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं होने से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। चिकित्सक ने तीनों को खतरे से बाहर बताया है।