चंबा (टिहरी)। ऑल वेदर रोड का प्रतिकर एक समान नहीं दिए जाने से नाराज दिखोल गांव के ग्रामीणों ने गांव में सड़क खोदने आई जेसीबी को बैरंग लौटाकर काम बंद करा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑल वेदर रोड का मुआवजा भुगतान में भारी असमानता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक सभी लोगों को समान दर से भुगतान नहीं किया जाता है, तब तक काम शुरू नहीं करने दिया जाएगा।
बृहस्पतिवार को ऑल वेदर सड़क निर्माण का कार्य शुरू करने के लिए कंपनी की जेसीबी दिखोल गांव पहुंची। ग्रामीणों को इसका पता चलते ही वह बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मुआवजा दर में असमानता होने पर सड़क खुदाई का विरोध करते हुए जेसीबी मशीन को वापस भेजकर काम बंद करवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि ऑल वेदर रोड में सभी को एक समान मुआवजा दिया जाना चाहिए, लेकिन प्रशासन मुआवजा वितरण में कुछ लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक एक समान प्रतिकर भुगतान नहीं दिया जाता है, तब तक ऑल वेदर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं करने दिया जाएगा। विरोध जताने वालों में उत्तम सिंह रावत, रणवीर सिंह रावत, कमल सिंह रावत, दयाल सिंह और बलवंत सिंह आदि शामिल थे।