नई टिहरी। क्षेत्र पंचायत जाखणीधार के ब्लाक प्रमुख पर भाजपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। ब्लाक प्रमुख के उप चुनाव में ज्येष्ठ प्रमुख व भाजपा नेता मस्ता नेगी ने एक तरफा जीत दर्ज की है। मस्ता नेगी के प्रमुख बनने पर समर्थकों ने विजयी जुलूस निकाल कर खुशी व्यक्त की है।
जाखणीधार की ब्लाक प्रमुख रही बेबी असवाल ने नई टिहरी पालिकाध्यक्ष का चुनाव लड़ा था। उन्होंने प्रमुख के पद से इस्तीफा दिया था। इस्तीफे के कारण प्रमुख की सीट खाली हो गई थी। सोमवार को निर्वाचन अधिकारी कुंवर सिंह असवाल की देखरेख में ब्लाक प्रमुख का उप चुनाव संपन्न हुआ। ब्लाक प्रमुख पर वर्तमान जेष्ठ प्रमुख मस्ता नेगी और नाजिया उर्फ नाजिमा ब्लाक प्रमुख का चुनाव लड़ रही थी। आरओ केएस असवाल ने बताया कि चुनाव में 38 में से 34 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मतदान किया है, जिसमें से मस्ता नेगी को 27 मत मिले। जबकि सात मत अवैध घोषित किए गए। बताया कि ब्लाक प्रमुख का चुनाव लड़ रही नाजिया उर्फ नाजिमा को कोई भी मत नही मिला। वह स्वयं भी वोट देने नही पहुंची। निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव परिणाम की घोषित करते हुए मस्ता नेगी को जीत का प्रमाणपत्र दिया। समर्थकों ने ब्लाक मुख्यालय से टिपरी चौराहे तक विजयी जुलूस निकालते हुए खुशी व्यक्त की। नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख मस्ता नेगी ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समान दृष्टि से क्षेत्र का विकास किया जाएगा। इस मौके पर कनिष्ठ प्रमुख ममता गुनसोला, खेम सिंह चौहान, राजेंद्र कुमाईं, परमवीर पंवार, उत्तम नेगी, दिनेश कुमार, रमेश रतूड़ी, शोभा बडोनी, पुष्पा भट्ट, शकुंतला रतूड़ी, मदन कुमाईं, पवन खाती, सतवेंद्र नेगी, आनंद रावत आदि मौजूद थे।