कंडीसौड़ (टिहरी)। भेटी गांव के लोगों को सर्दी में भी पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। गांव में निवासरत 154 परिवारों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों की प्यास बुझाने के लिए जल संस्थान की ओर से गांव के नीचे सड़क पर तीन हैंडपंप लगाए गए हैं, लेकिन अक्सर हैंडपंप खराब होने पर ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भेटी की ग्राम प्रधान बिजला देवी और गरीब दास ने बताया कि चमडगढ्ढा नामे तोक से गांव के लिए नई पेयजल योजना निर्माण का सर्वे दो साल पहले हो चुका है, लेकिन नई पेयजल लाइन के लिए जल निगम को बजट स्वीकृत नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि तीन हैंडपंप लगे हैं। कभी एक तो कभी दूसरा हैंडपंप खराब हो जाता है, जिससे लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता गिरीश सेमवाल का कहना है कि भेटी गांव से हैंडपंप खराब होने की सूचना पर उसे ठीक कर दिया गया है। ब्यूरो