नई टिहरी। महिलाओं की आजीविका बढ़ाने के लिए पहाड़ी आर्गेनिक उत्पाद मंडुवा, झंगोरा, धनिया, हल्दी, लहसून और जड़ी-बूटियों को विकास विभाग स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ऑन लाइन बेचने की योजना तैयार कर रहा है। इसके लिए अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे कंपनियों ने जूट और स्थानीय उत्पादों को अपने वेब पेज पर जगह दी है।
आजीविका संवर्द्धन के लिए शनिवार को पौखाला में माउंट वैली डेवलपमेंट एसोसिएशन की पहल पर भिलंगना, कीर्तिनगर और जाखणीधार ब्लॉक की महिलाओं और काश्तकारों की बैठक में सीडीओ आशीष भटगाई ने यह जानकारी दी है। उन्होंने संगध, औषधीय पौधों, मशरूम, कीवी उत्पादन कर आजीविका बढ़ाने पर जोर दिया। संस्था के सचिव अवतार सिंह नेगी ने बताया कि वर्तमान में उमंग, उज्जवला और प्रगति स्वायत्त सहकारी संस्थाएं उनसे जुड़कर ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को बढ़ा रही हैं। पौखाल में जूट उत्पादन, सिलाई, कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। संस्था के प्रोग्राम मैनेजर पुरुषोत्तम थपलियाल ने बताया कि स्पाइस फार्मिंग के तहत तीन ब्लॉकों के 15 गांवों में धनिया, हल्दी, लहसून की खेती कराई जा रही है। इस मौके पर बीडीओ सोनम गुप्ता, धर्मानंद सकलानी, वीरेंद्र नेगी, नवप्रभात नेगी, मुन्नी देवी, अंजली देवी, डा. श्याम विजय, शीला शुक्ला, मीना, आएस नेगी, राकेश भट्ट, उमेश मेहता, मधु भंडारी, दुर्गा कंसवाल आदि मौजूद रहे।