नई टिहरी। टिहरी गढ़वाल जिला सहकारी बैंक के निदेशक मंडल के चुनाव में भाजपा का दबदबा रहा। जिले के 13 में से 11 वार्डों में भाजपा उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय है। उन वार्डों में केवल एक-एक नामांकन हुए, जबकि थौलधार/जौनपुर और नरेंद्रनगर/चंबा में चुनाव संभव है।
जिला सहकारी बैंक के निदेशक मंडल के चुनाव में प्रतापनगर से भाजपा के सतपाल सिंह, जाखणीधार से डुग्गा देवी, भिलंगना उत्तम सिंह, कीर्तिनगर/देवप्रयाग से जयप्रकाश चंद, टिहरी प्रथम से (चार निदेशक बनने) विनोद, देवेंद्र सिंह पंवार, सुनील सिंह, उषा बडोला, थौलधार/जौनपुर द्वितीय से सुभाष चंद रमोला, जखोली वार्ड से टीकाराम ने नामांकन किया। टिहरी द्वितीय से महिला आरक्षित से दो नामांकन हुए थे। बृहस्पतिवार को हुई नामांकन पत्रों की जांच में पुष्पा देवी का नामांकन अस्वीकार हुआ है। भाजपा की विजयलक्ष्मी का एक ही नाम बचा हुआ है। ऐसे में भाजपा के 11 सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना तय है। वार्ड संख्या दो थौलधार/जौनपुर प्रथम से सोनिया, देवी सिंह चौहान, वार्ड सात नरेंद्रनगर/चंबा से नरेंद्र नेगी, दिनेश पुंडीर, रोशनी देवी, दयाल सिंह तड़ियाल, जबर सिंह, सिद्धार्थ समीर चुनाव मैदान में है। निर्वाचन अधिकारी चेतन प्रसाद नौटियाल ने बताया कि जांच में एक नामांकन अस्वीकार किया गया है। बताया कि 11 वार्डों में केवल एक-एक नामांकन है। बताया कि चार दिसंबर को निदेशक मंडल के चुनाव और पांच को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर चुनाव संपन्न होंगे।