नरेंद्रनगर (टिहरी)। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने बाईपास ऑल वेदर रोड का लोकार्पण करते हुए कहा कि ऑल वेदर सड़क सामरिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण साबित होगी। सड़क इतनी चौड़ी बनाई जा रही है कि जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर और फाइटर भी उतारे जा सकेंगे। डंपिंग जोन के कारण सड़क किनारे 154 हेक्टेयर व्यावसायिक भूमि मिली है।
शुक्रवार को सीएम रावत ने 4.8 किमी बाईपास ऑल वेदर रोड जनता को समर्पित की। उन्होंने कहा कि अब नरेंद्रनगर वासियों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने सड़क का नाम महाराजा व पूर्व सांसद मानवेंद्र शाह के नाम रखने पर सीएम का आभार जताया। बीआरओ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह ने बताया कि 4.8 किमी ऑल वेदर सड़क का निर्माण तीन साल में पूरा किया गया है, जिसकी लागत 22 करोड़ रुपये आई है। नत्थीलाल नौटियाल की टीम ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, डीएम सोनिका, चीफ इंजीनियर एएस राठौर, बीआरओ के कमान अधिकारी सुनील श्रीवास्तव, पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम पंवार व रोशन रतूड़ी, जिलाध्यक्ष संजय नेगी, डा. दीपा रूपाली, राजपाल पुंडीर, राणाकर्ण प्रकाश जंग आदि मौजूद थे।