नरेंद्रनगर (टिहरी)। पहली बार अस्तित्व में आई नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष पद पर भाजपा की मीना खाती ने बाजी मारी है। उन्होंने कांग्रेस की ऊषा चौहान को 117 मतों से पराजित किया। मीना को 737 और ऊषा को 620 मत मिले हैं। तीन वोट नोटा को पड़े हैं। निर्वाचित होने पर अध्यक्ष खाती ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
सुविधाओं का विस्तार करना प्राथमिकता
नई टिहरी। नगर पंचायत गजा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष मीना खाती ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में पानी, संपर्क मार्ग और पथ प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना उनकी पहली प्राथमिकता में शामिल है। कहा गजा पहली बार नगर पंचायत बनी है। वहां नगर पंचायत कार्यालय का भवन जल्द बनाने का प्रयास किया जाएगा। जनता को विश्वास में लेकर विकास के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
183 मतों से विजेता रहीं कांग्रेस की ममता पंवार
घनसाली (टिहरी)। नव गठित नगर पंचायत चमियाला के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की ममता पंवार 183 मतों से विजेता रही। उन्होंने भाजपा की दिलदेई राणा को पराजित किया। निर्दलीय प्रत्याशी रश्मि को 394 और डा. सोना उनियाल को 185 मतों पर संतोष करना पड़ा। ममता को 977 और राणा को 794 मत मिले। सात मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया।
समान रूप से विकास की योजना की जाएगी तैयार
घनसाली (टिहरी)। नगर पंचायत चमियाला की नवनिर्वाचित अध्यक्ष ममता पंवार ने कहा कि सभी वर्गों का समान रूप से विकास करने की योजना तैयार की जाएगी। चमियाला चारधाम यात्रा क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ईको टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए पार्किंग स्थलों का निर्माण किया जाएगा। पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में पथ प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा की बागी निर्दलीय भरोसी देवी जीती
लंबगांव (टिहरी)। लंबगांव नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा की बागी निर्दलीय प्रत्याशी भरोसी देवी ने जीत का परचम लहराया है। निर्दलीय प्रत्याशी भरोसी देवी ने भाजपा की प्रत्याशी ममता पंवार को 122 मतों से हराया है। भरोसी को 390 और ममता को 268 वोट मिले। कांग्रेस की अनीता रावत को 213, निर्दलीय संगीता पैन्यूली को 128, उमा बिष्ट को 22 और गीता रावत को 20 मत पाकर संतोष करना पड़ा। पांच मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया है।
मॉडल नगर पंचायत के रूप में पहचान दिलाएंगे लंबगांव को
लंबगांव (टिहरी)। नगर पंचायत लंबगांव की नवनिर्वाचित अध्यक्ष भरोसी ने कहा कि नगर में जाम की समस्या से निपटने के लिए पार्किंग और बस अड्डे का निर्माण करने का प्रयास किया जाएगा। कहा लंबगांव को मॉडल नगर पंचायत बनाया जाएगा। नई नगर पंचायत होने से बहुत सारी चुनौतियां सामने है। जनता के साथ बैठक कर नगर क्षेत्र के संपर्क मार्गों, पेयजल समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
नरेंद्रनगर में भाजपा के राजेंद्र जीते
नरेंद्रनगर (टिहरी)। नरेंद्रनगर नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा के राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार रब्बू ने बाजी मारी है। उन्होंने निर्दलीय राजेंद्र सिंह गुसाईं को 204 मतों से हराया। पंवार को 949 और गुसाईं को 745 मत मिले हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह राणा को 206 और निर्दलीय दिनेश उनियाल को 40 मत पाकर संतोष करना पड़ा। तीन लोगों ने नोटा का इस्तेमाल किया है। यह सीट पहले कांग्रेस के पास थी, जो अब भाजपा के खाते में आई है। भाजपाइयों ने मिष्ठान वितरण कर खुशी का इजहार किया गया। कृषि मंत्री और स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल ने कहा कि नगर क्षेत्र की जनता ने अध्यक्ष सहित चारों वार्डों में जिस तरह से भाजपा पर विश्वास जताया है। उस स्थिति में हमारी जनता के प्रति जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है।
पलायन रोकने को बनाएंगे कार्य योजना
नरेंद्रनगर (टिहरी)। नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार रब्बू ने कहा कि पालिका में पहली बार भाजपा को विजयश्री मिली है। नगर का विकास कर नरेंद्रनगर का पुराना एतिहासिक गौरव वापस लौटाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। क्षतिग्रस्त नगर क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत, पथ प्रकाश की व्यवस्था तथा नए पार्कों के निर्माण के लिए वह प्रयास करेंगे। प्रदेश और कृषि मंत्री के सहयोग से घोषणा पत्र में शामिल सभी मुद्दों का चरणबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाएगा।
कांग्रेस की बागी निर्दलीय सीमा ने मारी बाजी
नई टिहरी। नई टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की बागी और निर्दलीय प्रत्याशी सीमा कृषाली ने जीत का परचम लहराया है। उन्होंने भाजपा की बागी और निर्दलीय प्रत्याशी सुषमा उनियाल को 644 मतों से पराजित किया। सीमा को 3191 और सुषमा को 2547 मत मिले हैं। वहीं कांग्रेस और भाजपा को मुंह की खानी पड़ी। पीडीएफ समर्थित प्रत्याशी शकुंतला नेगी को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। शकुंतला को 1932, भाजपा की बेबी असवाल को 1764, कांग्रेस की अंबिका संजवाण को 1283, निर्दलीय दीपमाला असवाल को 349 और सीमा रावत को 84 मतों पर संतोष करना पड़ा है। 27 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष के समर्थकों ने विजयी जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर राज्या आंदोलनकारी आकाश कृषाली, जयेंद्र सिंह, सर्वेश्वर सकलानी, बुद्धि सिंह पुंडीर, सते सिंह राणा आदि मौजूद रहे।
पर्यटन नगरी के रूप में विकसित होगी नई टिहरी
नई टिहरी। नई नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीमा कृषाली ने अपनी जीत को नई टिहरी नगरवासियों की जीत बताते हुए कहा कि वे नगर की सांस्कृतिक शून्यता को तोड़ने का काम करेंगी। टिहरी बांध की झील को स्वरोजगार का नया जरिया बनाया जाएगा। टिहरी को पर्यटन के साथ-साथ धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा। कहा प्रत्येक वार्ड में चौपाल कार्यक्रम आयोजित कर जनता से समस्याएं पूछेंगी और चरणबद्ध तरीके से उनका निस्तारण करेंगी।
1404 मत पाकर सुमना रमोला बनीं पालिका अध्यक्ष
चंबा (टिहरी)। चंबा नगर पालिका अध्यक्ष सीट पर कांग्रेस की सुमना रमोला विजयी घोषित की गई। उन्होंने 1404 मत पाकर अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की बागी निर्मला बिष्ट को 77 मतों से हराया। भाजपा प्रत्याशी मनोज नकोटी को तीसरे नंबर पर संतोष करना पड़ा है। निर्मला को 1327, भाजपा की मनोज नकोटी को 1151, निर्दलीय सुनीता को 715, मंजू देवी को 491, अनीता भट्ट 58, लक्ष्मी रावत को 28 मत पाकर संतोष करना पड़ा है। 23 लोगों ने नोटा पर मुहर लगाई।
कूड़े की समस्या से नगरवासियों को दिलाएंगे निजात
चंबा (टिहरी)। नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुमना रमोला ने कहा कि चंबा को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने का प्रयास करेंगे। नगर की मुख्य कूड़ेदान की समस्या का निदान किया जांएगा। इसके साथ ही बच्चों के खेलने के लिए पार्को का निर्माण किया जाएगा। नगर में जाम की समस्या से निपटने के लिए पार्किग स्थलों का निर्माण किया जाएगा। नगरवासियों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
घनसाली में काटे की टक्कर में एक मत से जीते सजवाण
घनसाली (टिहरी)। घनसाली नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर सर्वाधिक घमासान देखने को मिला। यहां अध्यक्ष पद के तीन प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर हुई। निर्दलीय प्रत्याशी शंकरपाल सिंह सजवाण को एक वोट से निर्वाचित घोषित किया गया। शंकरपाल को 496, निर्दलीय साहब सिंह और नागेंद्र सिंह को 495-495 मत मिले। भाजपा के पारेश्वर प्रसाद को 458, कांग्रेस के नरेंद्र दत्त को 293, बसपा की नीलम को 63, अनिल नेगी को 31, अरुण को 84, गोविंद प्रसाद को 178, ज्योति प्रकाश को 13, सुरेंद्र सिंह को 80 और हर्षपति नौटियाल को 107 मत मिले है। दूसरे स्थान पर रहे निर्दलीय प्रत्याशियों ने दुबारा मतगणना की मांग को लेकर धरना दिया। दोबारा मतगणना होने पर निर्वाचन अधिकारी पीआर चौहान ने शंकरपाल सिंह सजवाण को निर्वाचित घोषित किया। ब्यूरो
घनसाली को बनाएंगे नया पर्यटक स्थल
घनसाली (टिहरी)। नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष शंकरपाल सिंह सजवाण ने मतदाताओं का आभार जताया। कहा नई नगर पंचायत होने के चलते बहुत सारी चुनौतियां है। घनसाली चारधाम यात्रा का मुख्य पड़ाव है। इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं है। क्षेत्र में नए पर्यटक स्थलों को विकसित कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। नगर क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर रखना पहली प्राथकिता में शामिल है। क्षतिग्रस्त नालियों, संपर्क मार्गो का निर्माण किया जाएगा। जनता को हर वे सुविधा मुहैया कराई जाएगी जिसकी वह हकदार है।