लंबगांव (टिहरी)। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने शनिवार को लंबगांव बाजार में जनसंपर्क कर नगर पंचायत अध्यक्ष पद की प्रत्याशी अनीता रावत के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इससे पहले पत्रकार वार्ता में उपाध्याय ने कहा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस जीत का परचम लहराएगी। केंद्र और राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों से तंग आकर जनता का भाजपा से विश्वास उठ चुका है। उन्होंने राज्य सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल को निराशा जनक बताया। युवाओं को रोजगार देने में सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। किसी भी सरकारी विभाग में नई नियुक्तियां नहीं हुई है। इस मौके पर कांग्रेस मंडलध्यक्ष सब्बल सिंह राणा, गैणा सिंह बगियाल, बृजमोहन कंडियाल, सौरभ रावत, मुकेश रावत, राजेश रावत, जयराज सिंह, जसवीर कंडियाल आदि उपस्थित रहे।