थत्यूड़ (टिहरी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए जाने वाले लोगों और स्कूली छात्र-छात्राओं पर लोनिवि की लापरवाही भारी पड़ रही है। ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ बाजार से सीएचसी जाने वाली सड़क बदहाल बनी हुई है। दो किमी लंबे मार्ग पर हर दो कदम पर गड्ढे बने हैं। गड्ढों पर गिरकर राहगीर और दोपहिया वाहन सवार चोटिल हो रहे हैं। इसी सड़क से होकर प्रतिदिन शिशु मंदिर, एसजीआरआर, इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं, लेकिन लोनिवि क्षतिग्रस्त सड़क की सुध नहीं ले रहा है। स्थानीय निवासी जगत असवाल, राम सिंह भंडारी, सत्ये सिंह सजवाण, भगवती प्रसाद बधानी ने शीघ्र ही सड़क का डामरीकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। लोनिवि के ईई रजनीश कुमार भी मानते हैं कि सड़क की स्थिति खराब है। कहा बजट के अभाव में सड़क पर मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा है। बीते मार्च में सड़क मरम्मत का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।