नई टिहरी। नगर पालिका चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है। पार्टी प्रत्याशी अंबिका सजवाण के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने नई टिहरी से बौराड़ी तक रैली निकाली। उसके बाद बौराड़ी साईं चौक में आयोजित सभा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी के लोग बड़े संकट से गुजर रहे हैं। अपना वर्तमान देश-प्रदेश के लिए कुर्बान करने वालों के घर तोड़े गए हैं। बांध विस्थापितों से बिजल-पानी के बिल वसूले जा रहे हैं, लेकिन दिल्ली वाले मुफ्त पानी पी रहे हैं। कांग्रेस का इतिहास विकास करने का रहा है, जुमलों का नहीं। उन्होंने अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी अंबिका सजवाण और वार्ड सदस्यों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
बौराड़ी में आयोजित सभा में पहुंचे पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी ने पार्टी प्रत्याशी अंबिका सजवाण और वार्ड सभासदों के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि आज निकाय चुनाव में भाजपा ट्रिपल इंजन सरकार बनाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। इस मौके पर पूर्व मंत्री शूरवीर सजवाण, जिलाध्यक्ष सूरज राणा, दर्शनी रावत, प्रमुख विजय गुनसोला, शांति प्रसाद भट्ट, याकूब सिद्धकी, राकेश राणा, ओपी चौहान, नरेंद्र रमोला, राजेंद्र डोभाल, देवेंद्र नौडियाल, लक्ष्मी भट्ट, संजय रावत, किशोर मंद्रवाल,साब सिंह सजवाण,मुशर्रफ अली, जयवीर सिंह रावत आदि मौजूद थे।