नरेंद्रनगर (टिहरी)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने रविवार को नरेंद्रनगर स्थित होटल आनंदा से ही प्राकृतिक नजारों को निहारा। उन्होंने सुबह का नाश्ता कमरे में ही किया, जबकि दोपहर का भोजन होटल के बुफे में ही किया। विराट को देखने के लिए प्रशंसक होटल के आसपास पहुंचे थे, लेकिन उन्हें निराश ही लौटना पड़ा।
शनिवार को पांच दिन के उत्तराखंड दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा देहरादून के जौलीग्रांट एअरपोर्ट पहुंचे। वहां से वे कार से होटल आनंदा पहुंचे। बताया जा रहा है कि विराट का यह बेहद निजी दौरा है। सोमवार को विराट का 30वां जन्मदिन है। जन्मदिन मनाने के लिए वह उत्तराखंड की शांत वादियों में आए हैं। होटल के सूत्रों के अनुसार सुबह छह बजे विराट ने होटल के जिम में खूब पसीना बहाया। इसके बाद विराट और अनुष्का जूस और कॉटिंनेंटल फूड खाया। नाश्ते के बाद दोनों कमरे में ही रहे। अपने चहेते स्टार को देखने के लिए होटल के आसपास प्रशंसक पहुंचे थे, लेकिन विराट और अनुष्का होटल के कमरे से बाहर नहीं निकले। सूत्रों के अनुसार विराट सात नवंबर को लौटेंगे। वह संभवता अपने जन्मदिन के दिन हरिद्वार जाएंगे और रात्रि को बर्थडे पार्टी होटल आनंदा में मनाएंगे। स्थानीय प्रशासन को विराट और अनुष्का के होटल आनंदा में होने की कोई जानकारी नहीं है।