नई टिहरी। पाटा और भटकोटी गांव जल्द सड़क मार्ग से जुड़ जाएंगे। लंबे इंतजार के बाद बुधवार को ज्ञानसू-पाटा नर्सिंग मंदिर मोटर मार्ग निर्माण शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग ने आगामी अप्रैल तक डेढ़ किमी मोटर मार्ग पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
बुधवार को टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने ज्ञानसू में मोटर मार्ग निर्माण का शुभारंभ किया। एक करोड़ 65 लाख 45 हजार की लागत से बनने वाले मार्ग को छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विधायक नेगी ने कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि विधानसभा के अधिकांश गांव सड़क से जुड़ गए हैं। अवशेष गांवों तक एक साल के भीतर सड़क पहुंच जाएगी। प्रधान बीना चमोली ने बताया कि मोटर मार्ग बनने से पाटा और भटकोटी के करीब 1500 परिवारों को लाभ मिलेगा। ग्रामीण निर्माण विभाग के ईई युवराज सिंह ने बताया कि मेरा गांव मेरी सड़क योजना के तहत डेढ़ किमी मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख कुशलानंद भट्ट, जिला पंचायत सदस्य बबीता चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सरोजनी रतूड़ी, गोपाल चमोली, दिनेश चमोली, वैजराम चमोली, धर्मानंद नौटियाल, देवेंद्र कुमार, कृष्णा चमोली, राम प्रसाद रतूड़ी, मान सिंह रौतेला, गिरजा सेमवाल आदि मौजूद रहे।