कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक की वृद्ध और बेसहारा महिलाओं को पिछले आठ माह से पेंशन नहीं मिल पा रही है। ऐसे में उन्हें जीवन-यापन के लिए संकट का सामना करना पड़ रहा है। पेंशन के लिए महिलाएं अफसरों की चौखट तक गुहार लगा चुकी है, लेकिन विभागीय मनमानी के चलते उन्हें अब तक पेंशन जारी नहीं हो सकी है। परेशान महिलाओं ने डीएम से पेंशन दिलाने की गुहार लगाई है।
सुनार गांव की जुपला देवी ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन उनकी आजीविका का एक मात्र साधन है, लेकिन पिछले आठ माह से उन्हें पेंशन नहीं मिली है। वह समाज कल्याण विभाग में शिकायत भी दर्ज भी करा चुकी है। अधिकारियों ने जल्द पेंशन खाते में भेजने का आश्वासन दिया था। इस आश्वासन के भी तीन माह बीत चुके है, लेकिन बैंक खाते में पेंशन नहीं आई है। बयार गांव की पिंगला देवी का कहना है कि उन्हें पांच माह से पेंशन नहीं मिली है। क्यारी की अषाड़ी देवी, सुलोचना देवी व कस्तूरी देवी भी चार माह से पेंशन न मिलने से परेशान है। सुलोचना देवी और कस्तूरी देवी ने डीएम को पत्र भेजकर पेंशन जारी करने की गुहार लगाई है। महिलाओं का कहना है कि समय पर पेंशन न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानी से जूझना पड़ रहा है। सहायक समाज कल्याण अधिकारी योगेश पांडेय का कहना है कि समय पर पेंशन की धनराशि आवेदकों के बैंक खाते में जमा की जा रही है। जिन लोगों को समय पर पेंशन नहीं मिली है वे अपना आधार कार्ड और बैंक पास बुक की फोटो कापी कार्यालय में आकर जमा कर सकते है।