नैनबाग (टिहरी)। नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने मंगलवार रात को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 35 किलो प्रतिबंधित डोडा पोस्त बरामद किया है।
कैंपटी थाने पहुंचे सीओ जेपी जुयाल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कैंपटी थानाध्यक्ष कविता रानी के नेतृत्व में कैंपटी और नैनबाग पुलिस द्वारा यमुना पुल के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक कार की पेट्रोल की टंकी से करीब 18 किलो डोडा पोस्त बरामद कर आरोपी इंद्रपाल पुत्र चेतराम निवासी ग्राम यादपुर थाना भवन जिला शामली और रुस्तम पुत्र लियाकत ग्राम हथछौया थाना झिझाना जिला शामली को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आधे घंटे बाद ही दूसरी कार की चेकिंग की गई तो कार की सीट के नीचे से 17 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। वाहन में सवार आरोपी पंकज कुमार पुत्र संजय और शहरी पुत्र काला दोनों निवासी अंबेहटा पीर इस्लामनगर रोड सहारनपुर (यूपी) को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पंकज और रुस्तम डोडा पोस्त आस-पास के गांवों से खरीदकर शामली और सहारनपुर ले जा रहे थे। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल कांता प्रसाद, कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह, नरेश नेगी, जयपाल सिंह और रवि चौहान शामिल थे। सीओ ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 35 किलो डोडा पोस्त की कीमत करीब पांच लाख रुपये है। नशे की बड़ी खेप पकड़ने पर एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।