नई टिहरी। मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई ने जनता दरबार में सड़कों की मरम्मत, दुकान आवंटन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद नियुक्ति देने, भवन प्रतिकर समेत 18 शिकायतें सुनी।
कलक्ट्रेट में सीडीओ भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में डोबरा के अनिल चमोली ने दुकानों की लॉटरी के दस्तावेज पूरे करवाने, नई टिहरी के प्रेमदत्त रतूड़ी ने आवंटित दुकान का कब्जा देने, कंडल के कुलदीप रावत ने डूब क्षेत्र का प्रमाणपत्र निर्गत करने, गजा के दिनेश उनियाल ने चाका, खरसाड़ा में बैंक शाखाएं खोलने, गजा के राजवीर ने गजा-चाका मोटर मार्ग निर्माण से क्षतिग्रस्त हुई पेयजल योजना की मरम्मत, राडस संस्था के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा ने ऑल वेदर रोड के लिए नागणी में अधिग्रहण की गई जमीन का मुआवजा भुगतान, पिपोला के वीरेंद्र दत्त बड़ोनी ने झील के कारण जीर्णशीर्ण हुए भवन का मुआवजा देने, नैल के उम्मेद सिंह नेगी के नैल-जलेड़ी मोटर मार्ग के सर्किल रेट एक समान देने, चंबा के दर्मियान नेगी मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग की। इस मौके पर सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी, एसडीएम सीएस चौहान, डीआरडीए के पीडी भरत भट्ट, सीईओ डीसी गौड़, डीईओ एसएस बिष्ट, डीएसओ मुकेश, डीपीओ विक्रम सिंह, पर्यटन अधिकारी सुरेश यादव, आबकारी अधिकारी तपन पांडेय, जल संस्थान के ईई सतीश चंद्र नौटियाल, विद्युत वितरण के ईई राकेश कुमार आदि मौजूद थे।