चंबा (टिहरी)। एचएनबी केंद्रीय विवि के स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल में पुरुष अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने आई राजकीय महाविद्यालय अगस्त्यमुनि की टीम के खिलाड़ियों के प्रवेश पत्रों की जांच की गई, तो कालेज के पांच छात्र श्रीदेव सुमन विवि के प्रथम सेमेस्टर के छात्र थे।
इस साल से एक ही महाविद्यालय में दो अलग-अलग विश्वविद्यालयों के छात्र अध्ययन कर रहे हैं। इस सत्र से कई कालेजों को श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध किया गया था। ऐसे में महाविद्यालय में प्रथम सेमेस्टर का छात्र श्रीदेव सुमन विवि, तो अन्य सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र एचएनबी केंद्रीय विवि के हैं। जबकि स्वामी रामतीर्थ परिसर में एचएनबी केंद्रीय विवि से संबद्ध महाविद्यालयों की ही प्रतियोगिता संपन्न करायी जा रही है, जिससे प्रथम सेमेस्टर का छात्र इसमें भाग नहीं ले सकता है। क्रीड़ा विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल ने बताया कि प्रतियोगिता में खेलने के लिए गढ़वाल विवि में प्रवेश लेने वाले छात्र ही योग्य हैं। इस संबंध में सभी महाविद्यालयों को जानकारी भी दी गयी थी। टीम के कुछ खिलाड़ियों को खेलने का मौका नहीं देने पर पूरी टीम ही लौट गई।