नई टिहरी। साइबर ठगों ने एक पूर्व सैनिक के क्रेडिट कार्ड से 1.18 लाख रुपये निकाल लिए। कार्डधारक का आरोप है कि बैंक को समय पर सूचित करने के बावजूद उनका क्रेडिट कार्ड ब्लॉक नहीं किया गया। ठगों ने कार्ड से दो बार कैश निकालने के साथ ही शापिंग भी उनके कार्ड से की।
जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम मैराब निवासी पूर्व सैनिक श्रीचंद गुनसोला ने बताया कि नवंबर 2017 में एसबीआई बौराड़ी शाखा में आई एक टीम ने उन्हें क्रेडिट कार्ड बनाने को कहा। जनवरी 2018 में उन्हें क्रेडिट कार्ड जारी हो गया। फिर कुछ दिन बाद उनके मोबाइल पर फोन आने शुरू हो गए कि कार्ड बंद कराना चाहते हैं, तो अपना एटीएम और क्रेडिट कार्ड नंबर बताओ। उनके नंबर बताते ही साइबर ठगों ने उनके खाते से 31 जनवरी को 34 हजार रुपये निकाल लिए। पूर्व सैनिक ने बताया कि ठगी का पता चलने पर उन्होंने 14 फरवरी को एटीएम और क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करने के लिए बैंक शाखा को आवेदन दिया, लेकिन कार्ड ब्लॉक नहीं किया गया। उसके बाद ठगों ने आठ अगस्त को कार्ड से 43,244 रुपये निकालने के साथ ही सात सितंबर को 41,031 की शॉपिंग कर दी। इस तरह कार्ड से कुल 1,18275 रुपये की ठगी कर ली गई।
पूर्व सैनिक ने कहा कि वह पेंशन से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, लेकिन बैंक की लापरवाही से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने डीएम को पत्र देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, बौराड़ी एसबीआई के शाखा प्रबंधक अमित वर्मा का इस संबंध में कहना है कि खाताधारक ने क्रेडिट कार्ड बंद करने का आवेदन दिया था। उसके बाद तुरंत ही संबंधित विभाग को मेल कर सूचित कर दिया गया था।