नरेंद्रनगर (टिहरी)। पुरानी चुंगी के पास बृहस्पतिवार को 31 घंटे बाद खुला ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार को भी दिन में कई बार अवरुद्ध हुआ, जिससे लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। पहाड़ धंसने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे नरेंद्रनगर में पेयजल का संकट बना हुआ है। वाल्मीकि बस्ती और कलश क्वाटर में तो हफ्ते भर से पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर क्षेत्र के लोगों ने व्यवस्था में जल्द सुधार करने की मांग की है। ब्यूरो