घनसाली (टिहरी)। घनसाली बाजार में तोड़फोड़ करने वाले लोगों को पुलिस ने चिह्नित करना शुरू कर दिया है। तोड़फोड़ करने के आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस वीडियो फुटेज खंगाल रही है। मामले में पुलिस ने 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के पांच दिन बाद बृहस्पतिवार से प्रभावित व्यापारियों ने क्षतिग्रस्त दुकानों की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया है।
होटल के कमरे में 30 जुलाई को नाबालिग लड़की के साथ दूसरे समुदाय का युवक पकड़े जाने पर बाजार में बवाल मच गया था। आक्रोशित भीड़ ने एक दर्जन दुकानों में तोड़फोड़ कर दुकानों का सामान सड़क पर फेंक दिया था। दुकानों में तोड़फोड़ करने पर पुलिस ने 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। अब पुलिस वीडियो फुटेज खंगाल कर अज्ञात लोगों की पहचान करने में जुट गई है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की टीम बाजार में अलग-अलग स्थानों पर तैनात है। प्रभावित व्यापारियों ने बृहस्पतिवार से क्षतिग्रस्त दुकानों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। व्यापारियों ने पुलिस से तोड़फोड़ के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है। थानाध्यक्ष केके टम्टा ने बताया कि तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है।