घनसाली (टिहरी)। नगर क्षेत्र घनसाली में अब स्थिति सामान्य हो चुकी है। लोगों के बीच पहले जैसा भाई चारा देखने को मिला। बाजार में चहल-पहल का दौर जारी है, लेकिन दूसरे समुदाय की जिन दर्जनभर दुकानों में तोड़फोड़ हुई थी, वे तीसरे दिन भी बंद रही। सुरक्षा की दृष्टि से बाजार के हर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मुख्य बाजार घनसाली में 30 जुलाई को नाबालिग लड़की के साथ होटल के कमरे में दूसरे समुदाय का एक युवक पकड़ा गया था, जिसके बाद बाजार में बबाल मच गया था। आक्रोशित लोगों ने दूसरे समुदाय की एक दर्जन दुकानों में तोडफ़ोड़ कर दी थी। दूसरे दिन पुलिस ने दुकानों में तोड़फोड़ करने पर 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद अब स्थिति सामान्य हो चुकी है, लेकिन दूसरे समुदाय की जिन दुकानों में तोड़फोड़ हुई थी वे बुधवार को तीसरे दिन भी बंद रही।
समुदाय के लोगों का कहना है कि वे डर के कारण दुकानें नहीं खोल रहे हैं। नाम न छापने पर बताया कि कुछ लोग डर से बच्चों को स्कूल भी नहीं भेज रहे हैं। बताया भवन और दुकान स्वामियों की ओर से उन्हें पूरा सहयोग दिया जा रहा है। पुलिस से सुरक्षा का ठोस आश्वासन चाहिए। पुलिस को दोनों समुदाय की बैठक बुलानी चाहिए। इस बाबत थानाध्यक्ष किशन टम्टा का कहना है कि किसी भी व्यापारी और समुदाय के लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। वे अपनी सुविधा अनुसार अपने प्रतिष्ठान खोल सकते हैं। हर गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नगर क्षेत्र में पुलिस की टीम लगातार गश्त कर रही है।