चंबा (टिहरी)। ऑल वेदर रोड चौड़ीकरण के कारण ऋषिकेश-चंबा हाईवे पर संवेदनशील पहाड़ियां कमजोर पड़ने लगी हैं। यही कारण है कि बारिश होते ही फकोट, बेमुंडा, आगराखाल में भूस्खलन हो रहा है।
बरसात में ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर कुछ ही स्थानों पर भूस्खलन होता था, लेकिन इस साल हाईवे पर पिछले दिनों किए गए ऑल वेदर रोड चौड़ीकरण के बाद ऋषिकेश से चंबा के बीच उपली खाड़ी, बेमुंडा, जाजल, फकोट, आगराखाल, बगड़धार के आसपास कई डेंजर जोन सक्रिय हो गए हैं। जिला पंचायत सदस्य अनिल भंडारी का कहना है कि है कि कार्यदायी कंपनी ने राजमार्ग पर संवेदनशील स्थानों में पहाड़ी कटान का कार्य सही तरीके से नहीं किया है, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। वहीं ऑल वेदर रोड के लिए जाजल के पास बनाया गया डंपिंग जोन ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। मलबे के कारण हाड़ीसेरा, घरसेरा, मानसेरा, भगोड़ी गांव के पैदल रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर राजमार्ग को सुचारु रखने के लिए जेसीबी तैनात की गई है।