नई टिहरी। टिहरी बांध के द्वितीय चरण की पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) के निर्माण में लगी हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी के ओर से हटाए गए कर्मियों, प्रशासन और एचसीसी प्रबंधन के बीच हुई वार्ता विफल रही है। कंपनी प्रबंधन ने कर्मियों की सेवा बहाली से इनकार कर दिया। प्रशासन ने कंपनी को उच्चाधिकारियों से तत्काल वार्ता कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कर्मियों के धरने का समर्थन करते सेवा बहाली की मांग की।
शनिवार को एसडीएम चतर सिंह चौहान की अध्यक्षता में कंपनी, एचसीसी स्टाफ एंड वर्कस यूनियन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। यूनियन ने हटाए गए सभी 217 कर्मियों को सेवा में लेने की मांग की, जबकि एचसीसी के परियोजना प्रबंधक राकेश कुमार खली ने कहा कि कर्मियों को हटाने के आदेश उच्चस्तर से हुए है। ऐसे में वह सेवा बहाली को लेकर निर्णय लेने में सक्षम नहीं है। एसडीएम चौहान ने निर्देश दिए कि कंपनी के उच्च प्रबंधन से वार्ता कर सोमवार तक समस्या का समाधान किया जाए। समस्या का हल नहीं निकलने पर कर्मियों ने धरना जारी करने का निर्णय लिया।
वार्ता में प्रतापनगर के पूर्व विधायक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान, आकाश कृषाली, जीतराम भट्ट, राकेश राणा, मोहन सिंह रावत, कुलदीप पंवार, देवेंद्र नौडियाल, दिनेश कृषाली, नरेंद्र रावत, जसपाल पंवार, नरेंद्र परमार, मनोज पंवार, महीपाल रावत, अर्जुन सिंह आदि मौजूद थे। वहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने खांडखाला में कर्मियों की मांगों के समर्थन में धरना दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी एवं टीएचडीसी बांध प्रभावितों का उत्पीड़न कर जनहित की अनदेखी कर रही है। सरकार से हस्तक्षेप कर समस्या का जल्द निराकरण करने की मांग की।