नई टिहरी। टिहरी बांध प्रभावित 415 परिवारों के पुनर्वास का प्रकरण बुधवार को लोकसभा में भी उठा। टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने संसद में नियम 377 के तहत पुनर्वास के प्रकरण को उठाते हुए केंद्र सरकार से प्रभावित परिवारों का पुनर्वास करने की मांग की।
सांसद शाह ने संसद सत्र के पहले दिन संसद में लंबे समय से टिहरी बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों का पुनर्वास न होने का प्रकरण उठाया। सांसद की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया कि टिहरी झील का पानी भरने के कारण नंदगांव, कंगसाली, नौताड़, रामगांव, डोबरा, रमोलागांव, बडारखोली, नारगढ़, सांदणा, गडोली आदि गांव के 415 परिवारों के घरों में दरारें पड़ी हुई है, जिसके चलते वह खतरे की जद में रह रहे हैं। बताया कि वर्ष 2010 में सरकार ने विशेषज्ञ समिति भी बनाई थी। समिति ने भी नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट सरकार को दे दी थी, लेकिन अभी तक पुनर्वास नहीं हुआ। उन्होंने प्रभावित परिवारों को जल्द पुनर्वास करने की मांग की, जिस पर सरकार ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। ब्यूरो