चंबा (टिहरी)। बारिश से हेंवल नदी का पानी मिट्टी युक्त हो गया है। ऐसे में जल संस्थान ने पानी पंपिंग नहीं कर रहा है, जिससे ग्रामीणों के सामने पानी का संकट पैदा हो गया है।
हेंवल नदी चंबा सहित दर्जनों गांवों की प्यास बुझाने का एक मात्र सहारा है। लंबा समय बाद भी अभी तक नदी के कैचमेंट एरिया और आसपास सघन पौधरोपण कार्य नहीं किया गया है। ऐसे में बारिश के दौरान हर साल हेंवल नदी का पानी मिट्टी युक्त हो जाता है और जलसंस्थान पंपिंग नहीं करता है, जिससे लोगों के सामने पीने के पानी का संकट पैदा हो जाता है। शुक्रवार को जलापूर्ति नहीं होने से नगर क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। जेई नीरज त्रिपाठी का कहना है कि तेज बारिश होने के समय हेंवल नदी में मिट्टी बहकर आ रही है, जिससे पानी गंदा होने के कारण पंपिंग को बीच-बीच में रोकना पड़ रहा है। बरसात रुकने के बाद पानी साफ हो जाने पर दोबारा पंपिंग की जाएगी।