नरेंद्रनगर (टिहरी)। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर ऑल वेदर परियोजना का काम टिहरी और उत्तरकाशी जिले के लोगों के लिए ऑल टाइम मुसीबत बन गया है। चंबा और भद्रकाली के बीच सड़क बिना बारिश के भी किस स्थान पर और कब यातायात के लिए बंद हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता है। बृहस्पतिवार को आगराखाल और हिंडोलाखाल के बीच हाईवे छह घंटे बाधित रहा। इस दौरान सैकड़ों तीर्थयात्री और स्थानीय लोग भूखे, प्यासे सड़क खुलने के इंतजार में जूझते रहे।
आगराखाल और हिंडोलाखाल के बीच बृहस्पतिवार सुबह 11.30 बजे सड़क यातायात के लिए बंद हो गई थी। उक्त स्थान पर चट्टान टूटकर बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर हाईवे पर गिर गया था। इस दौरान सड़क मार्ग के दोनों तरफ सैकड़ों तीर्थयात्री और स्थानीय लोग फंसे रहे। हालांकि मलबा साफ करने के लिए जेसीबी तुरंत ही मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन कोहरा होने के कारण मलबा साफ करने में दिक्कत आई। शाम 4.30 बजे सड़क यातायात के लिए बहाल हो गई। छह घंटे तक लोग भूखे, प्यासे तेज धूप में परेशानी से जूझते रहे। सड़क खुलने के बाद वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण लगभग आधे घंटे तक लोगों को जाम के झाम का सामना करना पड़ा।