चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विवि ने सत्र 2018-19 से शुरू होने वाले सेमेस्टर सिस्टम के लिए नए पाठ्यक्रमों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। विवि की वाणिज्य पाठ्यक्रम निर्माण समिति ने बीकॉम और बीकॉम आनर्स का पाठ्यक्रम तैयार कर विवि को सौंप दिया है। कुलपति के अनुमोदन के बाद नए पाठ्यक्रम को विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।
श्रीदेव सुमन विवि ने सत्र 2018-19 से यूजी कक्षाओं में सेमेस्टर सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया था। ऐसे में नए विवि ने नए सेमेस्टर के हिसाब से बीएससी प्राणी विज्ञान, रसायन विज्ञान, बीए राजनीति शास्त्र, संस्कृत, हिंदी और अंग्रेजी का सिलेबस तैयार कर दिया है। इसी क्रम में श्रीदेव सुमन विवि कैंप कार्यालय में वाणिज्य पाठ्यक्रम निर्माण समिति की बैठक हुई। इसमें सेमेस्टर के हिसाब से सिलेबस पर चर्चा की गई, जिस पर चार सदस्यीय समिति ने बीकॉम और बीकॉम आनर्स सिलेबस को अंतिम रूप दे दिया है। विवि के डीआर दिनेश चंद्रा ने बताया कि समिति ने बीकॉम और बीकॉम आनर्स का सिलेबस तैयार कर विवि को सौंप दिया है। सिलेबस को विवि के कुलपति के समक्ष अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। उसके बाद विधिवत पाठ्यक्रम को शुरू किया जाएगा। इस मौके पर कमेटी के संयोजक प्रो. आरसी डंगवाल, प्रो. कविता शर्मा, प्रो. एके तिवाड़ी, डा. जीपी डंग आदि मौजूद थे।