नरेंद्रनगर (टिहरी)। नरेंद्रनगर को जिला बनाने और हाईकोर्ट की एकलपीठ स्थापित करने की मांग फिर जोर पकड़ने लगी है। मांग के समर्थन में मंगलवार को यहां सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें टिहरी कोटी कालोनी में होने वाली कैबिनेट बैठक में मामले में सकारात्मक निर्णय लेेने की मांग की गई।
पूर्व पालिकाध्यक्ष सोबन सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नरेंद्रनगर को जिला बनाने और हाईकोर्ट की एकलपीठ की स्थापना करने की मांग को लेकर क्षेत्र की जनता लंबे समय से संघर्षरत है, लेकिन राज्य की सरकारों ने मामले में कोई सार्थक पहल नहीं की। कहा कि नरेंद्रनगर से सरकारी कार्यालय जिला मुख्यालय शिफ्ट होने से पलायन का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। बैठक में जिला बनाओ संघर्ष समिति के महासचिव वाचस्पति रयाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, धूम सिंह नेगी, राजपाल पुंडीर, यशपाल राणा, मंत्री प्रसाद अंथवाल, विक्रम सिंह रावत, सुंदर सिंह रावत, नरपाल सिंह भंडारी, धन सिंह तड़ियाल, अरुण नेगी, बलवीर सिंह कैंतुरा आदि उपस्थित रहे।