नई टिहरी। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक लेते हुए सांसद मालाराज्य लक्ष्मी शाह ने बीएसएनएल की लचर संचार सेवाओं पर नाराजगी व्यक्त की। सांसद ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें नहीं बनने पर पीएमजीएसवाई और संबंधित विभागों को फटकार लगाई।
सोमवार को निगरानी समिति की बैठक लेेते हुए सांसद शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य धरातल पर दिखे। कहा कि सांसद निधि के सभी कार्यों पर उनका बोर्ड आवश्यक रूप से अंकित करें। साथ ही सभी निर्माण कार्यों की फोटो भी उपलब्ध कराएं। प्रतापनगर विधायक विजय पंवार ने बागी-सिलारी, रैका-महर गांव, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने सिलोस मोटर मार्ग, हडियाणा-तल्ला का मामले की प्रगति चाही तो पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने वन भूमि प्रकरण की बात कही। जिस पर सांसद ने समयावधि में कार्य निपटाने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने घनसाली लोनिवि के ईई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दो साल में 17 लाख की लागत से जिला योजना में पाख-लोस्तु मार्ग का निर्माण नहीं हो पाया। डीएम सोनिका ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। ब्लॉक प्रमुख चंबा आनंदी नेगी ने खेमड़ा में मोटर मार्ग के निर्माण की मांग पर लोनिवि ईई केएस नेगी ने बताया कि दूसरे चरण का बजट आने पर ही कार्य शुरू होगा। सांसद ने बस स्टैंड, चौराहे और बाजारों में स्वजल के माध्यम से सार्वजनिक शौचालय बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ आशीष भटगांई, ब्लॉक प्रमुख बेबी असवाल, बबीता शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, महामंत्री दिनेश डोभाल, विनोद रतूड़ी, परमवीर पंवार, रामलाल नौटियाल, अनुसूया नौटियाल, चतर सिंह, जीतराम भट्ट, मनोज नकोटी, सुमषा उनियाल, पालिका के ईओ राजेंद्र सजवाण आदि उपस्थित रहे।