नई टिहरी। भिलंगना ब्लाक के आरगढ़ और गोनगढ़ पट्टी की समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य विजय कैलाश के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में क्रमिक अनशन शुरू किया। कहा कि लंबे समय से सड़क, पेयजल, स्कूल के निर्माण से लेकर अन्य समस्याओं के निराकरण को लेकर संघर्ष किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में क्रमिक अनशन शुरू कर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से भटगांव-चौठारा-कोट मोटर मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को कई किमी पैदल दूरी नापनी पड़ रही है। उन्होंने सड़क निर्माण, जीआईसी भटगांव, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोना का भवन निर्माण, आरगढ़, गोनगढ़ में सिंचाई सुविधा के लिए टैंक निर्माण, चौठाट बाड, लोदस पेयजल योजना समेत अन्य लंबित समस्याओं का जल्द निराकरण की मांग की। सोमवार को कमल सिंह रावत क्रमिक अनशन पर रहे।