घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गांव गंगी, मेड, मरवाड़ी, पिन्सवाड़ को पिछड़ा क्षेत्र घोषित करने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने विधायक शक्ति लाल के आश्वासन पर सोमवार से होने वाले आंदोलन को स्थगित कर दिया है।
रविवार को विधायक शाह ने क्षेत्र के लोगों को अपने आवास पर वार्ता के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने लोगों से कहा कि वे पूरे भिलंगना विकास खंड को पिछड़ा क्षेत्र घोषित करने के पक्षधर हैं। भिलंगना क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने कुछ बिंदुओं पर योजना का प्रारूप भी तैयार किया है। मामले में जल्द ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की बैठक बुलाई जाएगी। उसके बाद पिछड़े क्षेत्र की मांग को लेकर ड्राफ्ट तैयार कर एक प्रतिनिधिमंडल सीएम से मिलेगा। विधायक के आश्वासन पर क्षेत्रवासियों ने आंदोलन स्थगित कर दिया। इस मौके पर पूरब सिंह रावत, प्रधान नैन सिंह, प्रेम सिंह, सुरेंद्र सिंह, मालचंद राणा, प्रताप सिंह बिष्ट, कमल सिंह रावत आदि उपस्थित रहे।