चंबा (टिहरी)। चंबा-सिलोगी मोटर मार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने से एक किशारी सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों को खाई से निकालते वक्त एक पुलिस कांस्टेबल भी गिरकर चोटिल हो गया। घायलों को चंबा के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।
शनिवार सुबह एक कार सिलोगी से चंबा आ रही थी। सुबह करीब 9.30 बजे के सिलोगी बैंड के समीप कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गुनोगी के ग्राम प्रहरी दिलमणी की सूचना पर थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान आपदा प्रबंधन की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को खाई से निकालकर 108 की मदद से मसीहा अस्पताल में भर्ती किया गया है। दुर्घटना में वाहन चालक जगवीर सिंह (50) पुत्र पूरण सिंह, वीरेंद्र दत्त (50) पुत्र केदार दत्त, उनकी पत्नी पुष्पा (42) निवासी गुनोगी, चंदा देवी (50) पत्नी प्रेम मिस्त्री, अनीता (32) पत्नी सुरेश, शांता देवी (40) पत्नी कुला मिस्त्री, शिवानी (12) पुत्री सुनील निवासी गुनोगी घायल हो गए। घायल को खाई से निकालते वक्त कांस्टेबल विकास कुमार गिरकर चोटिल हो गए। थानाध्यक्ष चौहान ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी घायलों की स्थिति डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताई है। कार में सवार सभी लोग गांव से चंबा बाजार खरीदारी करने आ रहे थे।