नरेंद्रनगर (टिहरी)। प्रसव के दौरान एक स्टाफ नर्स द्वारा अभद्रता करने और बच्चे का हाथ फ्रैक्चर होने पर परिजनों ने शुक्रवार को श्रीदेव सुमन अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि बच्चे के जन्म के समय स्टाफ नर्स ने बच्चे का हाथ जोर से खींचा, जिससे वह फ्रैक्चर हो गया। उन्होंने स्टाफ नर्स को निलंबित करने की मांग की है।
सिविल लाइन निवासी अमित कुमार की पत्नी रजनी ने आठ मई को श्रीदेव सुमन अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। नौ मई को परिजन जच्चा-बच्चा को सुबह 11 बजे अस्पताल से घर ले गए। घर पहुंचने पर बच्चे को नहलाते वक्त परिजनों को आभास हुआ कि बच्चे का एक हाथ ज्यादा चल नहीं रहा। हाथ पकड़ने पर वह रोने लगा। वे बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। एक्सरे कराने पर पता चला कि बच्चे का हाथ फ्रैक्चर है। बच्चे को लेकर परिजन प्लास्टर कराने ऋषिकेश पहुंचे। वहां डॉक्टर ने बताया कि जन्म के समय बच्चे का हाथ खींचने से फैक्चर हुआ है।
शुक्रवार को परिजन अस्पताल पहुंचे और वहां उन्होंने स्टाफ नर्स को निलंबित करने की मांग को लेकर हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख सीएमएस डा. मनोज बहुखंडी ने स्टाफ नर्स का जवाब-तलब किया। स्टाप नर्स दीप्ति ने लिखित में माफी मांगते हुए कहा कि जानबूझ कर उन्होंने ऐसा नहीं किया। मानवीय भूल के कारण ऐसा हो सकता है। हंगामा करने वालों में कृष्णा देवी, वाचस्पति रयाल, अरुण कुमार, रामेश, अमित कुमार आदि शामिल रहे।