घनसाली (टिहरी)। महिला कल्याण और बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्य ने घनसाली तहसील के सीताकोट में रेसवेज ट्राउट मत्स्य इकाई का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीणों से इस तरह के रोजगार परक कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मछली पालन में ग्रामीण काश्तकार अपनी आर्थिकी को मजबूत कर सकते हैं। 90 लाख रुपये की लागत से बनी इस इकाई में 10 हजार ट्राउट मछली के बीज डाले गए हैं।
बृहस्पतिवार को सीतकोट में रेसवेज ट्राउट मत्स्य इकाई के शुभारंभ करने पहुंची मुख्य अतिथि राज्य मंत्री ने कहा कि काश्तकार अपनी आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ मत्स्य और पशुपालन भी करें। प्रदेश सरकार भी किसानों की आय दोगुनी करने के लिए हर संभव मदद दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ट्राउट मत्स्य पालन के लिए अनुसूचित जाति के लोगों के लिए 60 प्रतिशत और सामान्य वर्ग के लोगों को 40 प्रतिशत अनुदान दे रही है। अधिक से अधिक लोगों को इसका फायदा उठाकर अपनी आय बढ़ानी चाहिए। रेसवेज की देखरेख प्रगतिशील मत्स्यकीय सहकारी समिति सीताकोट करेगी। बताया गया कि ट्राउट मछली का बाजार भाव करीब एक हजार रुपये प्रति किलो है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में कुपोषित बच्चों के लिए पोषहार, 12 पानी के फिल्टर भी वितरित किए।
घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने कहा कि भिलंगना क्षेत्र में प्राकृतिक संसाधनों की भरमार है। मत्स्य पालन के आजीविका को सुधार जा सकता है। उप निदेशक मत्स्य जीएन जोशी ने बताया कि रेसवेज का साइज 25 मीटर लंबा व दो मीटर चौड़ा और एक मीटर गहरा होना चाहिए। इस दौरान लोक गायक धूम सिंह रावत ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर सहकारी समिति के सचिव हर्षपाल मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, एसडीएम फिंचाराम चौहान, जिला पंचायत सदस्य केदार बर्थवाल, सरस्वती मैठाणी, सीवीओ डा. पीएस रावत, डीपीओ विक्रम सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य अल्पना हल्दिया आदि मौजूद थे।