नई टिहरी। जाखणीधार ब्लॉक के कस्तल गांव में बुधवार शाम गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई। महिला का अधखाया शव बृहस्पतिवार सुबह झाड़ियों के बीच बरामद हुआ है। महिला मायके में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। गुलदार को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगा दिया गया है। रात्रि गश्त के लिए वन कर्मियों की टीम गठित कर दी गई है।
घटनाक्रम के मुताबिक कस्तल गांव निवासी भगवान सिंह बगियाल की पत्नी बिछना देवी (65) बुधवार शाम छह बजे अपने मायके मंदार गांव में भतीजे की शादी में शामिल होने जा रही थी। तभी गांव से करीब आधा किमी दूर म्यूडी प्राथमिक विद्यालय के पास गुलदार ने हमला कर उसे मार डाला। रात का वक्त होने से मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को घटना की जानकारी नहीं हो पाई। मायके वाले यह मानकर चुप बैठ गए कि बिछना देवी शादी में नहीं आ रही है और परिजन मान रहे थे कि वह मंदार गांव पहुंच गई होगी। बृहस्पतिवार सुबह जब कस्तल गांव की महिलाएं पशुओं को चारा देने छानी में जा रही थी, तो रास्ते में उन्हें जगह-जगह खून ही खून दिखाई दिया। एक जगह पर कपड़े और बाल पड़े हुए थे।
महिलाओं की सूचना पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद झाड़ियों के बीच बिछना देवी का अधखाया हुआ शव मिला। सिर भी पूरी तरह नोचा हुआ था। सूचना पर रेंजर आशीष डिमरी टीम के साथ कस्तल गांव पहुंचे। वन कर्मियों को घटनास्थल के आसपास गुलदार के पंजे के निशान मिले। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
इस घटना से कस्तल गांव में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के तीन बेटे हैं। दो बेटे विदेश में और एक मुंबई में नौकरी करता है। रेंजर डिमरी ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए कस्तल गांव के पास एक पिंजरा लगा दिया गया है। एक और पिंजरा भेजा जा रहा है। रात्रि गश्त को वन कर्मियों की टीम भी गठित कर दी गई है। परिजनों को 90 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता दी गई है।