कंडीसौड़ (टिहरी)। गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को कंडीसौड़ बाजार में जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बाजार में वाहन आड़े-तिरछे खड़े होने से बार-बार जाम की समस्या पैदा हो रही है। यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए पुलिस या होमगार्ड जवानों की तैनाती न होने पर लोगों और व्यापारियों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष लाखीराम उनियाल, ललित खंडूरी, जोत सिंह चौहान, देव चंद रमोला, चमन सिंह गुर्साइं ने नगर क्षेत्र की लचर यातायात व्यवस्था पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बाजार में होमगार्ड तैनात करने की मांग की है। इस बाबत तहसीलदार उपेंद्र बहुगुणा का कहना है कि होमगार्ड की कमी के चलते बाजार में तैनाती करना संभव नहीं है। जाम की समस्या को देखते हुए कंडीसौड़ बाजार में यात्रा के दौरान ट्रैफिक पुलिस तैनाती करने के लिए डीएम से अनुरोध किया जाएगा।