लंबगांव (टिहरी)। गर्मी बढ़ते ही नगर पंचायत क्षेत्र लंबगांव बाजार में पानी का संकट गहराने लग गया है। पिछले 15 दिन से बाजार में तीसरे दिन पानी की आपूर्ति की जा रही है। ऐसे में लोगों को एक किमी दूर बौसाणी से पानी ढोना पड़ रहा है।
नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों पानी का संकट बढ़ गया है। जल संस्थान और नगर पंचायत की और से पानी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। स्थानीय देवी सिंह चौहान, शिवराज सिंह कलूड़ा, ममता पंवार, बांसुरी देवी, कैलाश पंवार, चतर सिंह का कहना है कि घरों में लगे पानी के कनेक्शन के एवज में जल संस्थान बिल वसूलता है, लेकिन पिछले 15 दिन से जल संस्थान तीसरे दिन पानी की आपूर्ति कर रहा है। नगर पंचायत भी टैक्स वसूलती है, लेकिन पानी आपूर्ति करने के लिए टैंकर की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाई है। नगर क्षेत्र में जल्द ही नियमित रूप से पानी की आपूर्ति न करने पर क्षेत्र के लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। जल संस्थान के अवर अभियंता राजकिशोर पोखरियाल ने बताया कि स्रोत पर पानी कम होने से दिक्कतें आ रही है। समस्या को देखते हुए लंबगांव बाजार के लिए पटूडी प्रतापनगर पेयजल पंपिंग योजना से पानी उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पंचायत के ईओ यूडी तिवारी ने बताया कि लंबगांव बाजार की पेयजल व्यवस्था के लिए एक बड़ा टैंक बनाने के लिए जगह तलाशी जा रही है।