नई टिहरी। जौनपुर ब्लॉक में दशज्यूला पट्टी के ग्राम मैड तल्ला में पानी का संकट बढ़ने लगा है। गांव की महिलाएं दो-तीन किमी दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल लाइन आठ साल से क्षतिग्रस्त है। विभाग को कई बार कहने पर भी लाइन की मरम्मत नहीं हो पाई है।
मैड गांव के लोगों का पेयजल संकट से जूझना नियति बन गई है। हर वर्ष पेयजल संकट का सामना कर रहे गांव की पेयजल लाइन की मरम्मत नहीं की जा रही है। पूर्व प्रधान सुरेंद्र नौटियाल, हरीश नौटियाल, गोकुल नौटियाल, नरेश नौटियाल और जयेंद्र नौटियाल ने डीएम को भेजे ज्ञापन में बताया कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत कराने को कई बार लिखा गया है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने बताया कि गांव में अधिकतर लोग पशुपालन से जुड़े हैं। ऐसे में पानी नहीं होने से पशु रखना मुश्किल हो गया है। उन्होंने डीएम से गांव में पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है।