नई टिहरी। 24 साल के लंबे इंतजार के बाद केंद्र सरकार ने भिलंगना ब्लॉक के ढाबसौड़ और सेमल्थ गांव की सड़क को हरी झंडी दे दी है। पांच किमी सड़क निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने पीएमजीएसवाई को तीन करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दे दी है। 15 मई तक सड़क निर्माण के लिए टेंडर की सभी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। जुलाई से सड़क का काम शुरू हो जाएगा। सड़क बनने से ढाबसौड़ और सेमल्थ गांव के लोगों को तीन किमी की खड़ी चढ़ाई पार नहीं करनी पड़ेगी।
जिला पंचायत से वर्ष 1994 में जखन्याली-सेमल्थ हल्का वाहन मोटर मार्ग को स्वीकृति मिली थी। वर्ष 2005-06 में मार्ग को भारी वाहन मार्ग के रूप में परिवर्तित किया गया। वर्ष 2009-10 में जखन्याली से सेमल्थ गदेरे तक ढाई किमी सड़क निर्माण की गई, लेकिन सेमल्थ और ढाबसौड़ गांव सड़क से नहीं जुड़ पाए।
बीते 21 दिसंबर को सीडीओ आशीष भटगांई और छह फरवरी को डीएम सोनिका ने गांव का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने दोनों अधिकारियों के सामने सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई थी, जिसके बाद वन भूमि हस्तांतरण के मामले में तेजी आई। गांव की गुड्डी कुकरेती, गंभीर सिंह त्यागी, सुरजा देवी, सूरज सिंह, मोहन सिंह परमार, शांति लाल, भानु प्रसाद, उपेंद्र और सरला देवी ने सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर केंद्र सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताया है।
कोट
जखन्याली-ढाबसौड़-सेमल्थ सड़क निर्माण के लिए तीन करोड़ की स्वीकृति एक सप्ताह पूर्व मिली चुकी है। 15 मई तक टेंडर की सभी प्रक्रिया पूरी कर जुलाई से सड़क निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
-आरके सिंह, ईई, पीएमजीएवाई