चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की संबद्धता की फेहरिस्त में इस सत्र से गढ़वाल मंडल के आठ राजकीय महाविद्यालय शामिल हो चुके हैं। ऐेसे में विवि ने राजकीय महाविद्यालयों की बीएड सत्र 2018-20 की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 10 जून को बीएड प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
केंद्रीय गढ़वाल विवि से संबद्ध आठ राजकीय महाविद्यालय सत्र 2018 से श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध हो चुके हैं। ऐसे में श्रीदेव सुमन विवि की बीएड संबद्धता की सूची में 28 स्ववित्त पोषित बीएड संस्थानों के साथ ही आठ नए राजकीय महाविद्यालय भी जुड़ गए हैं। अब सुमन विवि ने इन आठ राजकीय महाविद्यालयों की सत्र 2018-20 की बीएड प्रवेश परीक्षाओं के लिए आवेदन मांगने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रवेशार्थी 23 मई तक बीएड में प्रवेश के लिए अपना आवेदन दे सकते हैं। विवि ने प्रवेश परीक्षा के लिए 10 जून की तिथि निर्धारित कर दी है। श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डा. यूएस रावत ने बताया कि शासन के आदेशानुसार गढ़वाल मंडल के समस्त राजकीय महाविद्यालयों को इस सत्र से संबद्धता प्रदान कर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विवि के कुलसचिव दिनेश चंद्रा ने बताया कि गढ़वाल मंडल के सभी राजकीय महाविद्यालयों की बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। 10 जून को प्रवेश परीक्षा गोपेश्वर, कर्णप्रयाग, अगस्त्यमुनि, श्रीनगर, पौड़ी, कोटद्वार, नई टिहरी, उत्तरकाशी, ऋषिकेश, हरिद्वार, देहरादून और रुड़की स्थित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। विवि के सहायक परीक्षा नियंत्रक डा. हेमंत बिष्ट ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी विवि की वेबसाइट से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।