नई टिहरी। टीएचडीसी इंस्टीट्यूट आफ हाइड्रो पावर इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी में सेवा-टीएचडीसी ऋषिकेश की ओर से आयोजित तकनीकी एवं सांस्कृतिक सिजिक महोत्सव की संध्या में लोक गायक किशन महिपाल के गीतों पर दर्शक एवं छात्र-छात्राएं खूब थिरके, जबकि तकनीकी कार्यक्रम में मेक पजल में सूरज एंड पार्टी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
हाइड्रो इंजीनियरिंग कालेज भागीरथीपुरम में आयोजित सिजिक की सांस्कृतिक संध्या का कालेज के निदेशक प्रो. जीएस तोमर, संस्थान के वित्तीय सलाहकार डीके कोले, महेश कुमार ने शुभारंभ किया। निदेशक ने कहा कि इस तरह के आयोजन से छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास होता है। कार्यक्रम के शुभारंभ पर छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। इसके बाद लोक गायक किशन महिपाल ने भगवान बदरी विशाल के जागर, रानी खेत राम ढोला, लंया फूल्या पंया, हे रूड़ी मिजाज्या रूडी, घुर घुरांदी घुघुती, स्याली बंपाली, फ्यूंलडिया त्वै दिखिक समेत कई मनमोहक प्रस्तुतियां दी।