नई टिहरी। नई टिहरी-बौराड़ी मोटर मार्ग पर कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार एक युवक की मौत हो गई और उसके चार अन्य साथी घायल हो गए। दो घायलों को जिला चिकित्सालय बौराड़ी में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें हायर सेंटर जौलीग्रांट अस्पताल ले गए है। दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।
सोमवार शाम करीब छह बजे बौराड़ी से नई टिहरी की तरफ जा रही कार आईटीआई के समीप बिजली के पोल से टकराकर सीधे 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में वाहन स्वामी और चालक छमुंड निवासी अजय (26) पुत्र उम्मेद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके अन्य साथी अनिल (19) पुत्र ऐलम निवासी निर्मल आवास, राहुल भारती (21) पुत्र राकेश भारती निवासी पाटा गांव, शुभम (17) पुत्र किशन लाल निवासी ढुंगीधार, अरविंद (21) पुत्र भगवान सिंह निवासी नवाघर पाटा (टिहरी) घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें अनिल और शुभम की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें हायर सेंटर जौलीग्रांट उपचार के लिए ले गए है। सीओ हीरा सिंह रौथाण के अनुसार वाहन की तेज रफ्तार दुर्घटना का कारण बनी।